13-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अपनी दमदार अभिनय क्षमता से भोजपुरी अभिनेत्री संजना पांडे ने फिर दर्शकों और समीक्षकों का दिल जीत लिया है। अभिनेत्री को हाल ही में ‘जी भोजपुरी 2026’ अवॉर्ड समारोह में उनकी चर्चित फिल्म ‘कलेक्टर साहिबा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और ‘बहुमुखी अभिनेत्री’ के सम्मान से नवाजा गया। इस उपलब्धि के बाद अभिनेत्री ने अपनी खुशी सोशल मीडिया के जरिए प्रशंसकों के साथ साझा की और पूरी टीम के प्रति आभार जताया। संजना पांडे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पुरस्कार समारोह की कई तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह ट्रॉफी के साथ बेहद भावुक और गर्वित नजर आ रही थीं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह सम्मान उनके लिए केवल एक अवॉर्ड नहीं, बल्कि जिंदगी का बेहद खास और भावनात्मक पल है। अभिनेत्री ने कहा कि जिस बिहार की मिट्टी में उन्होंने जन्म लिया और परवरिश पाई, उसी धरती पर सम्मानित होना किसी भी कलाकार के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। अभिनेत्री ने अपनी सफलता का श्रेय पूरी टीम को देते हुए फिल्म के निर्देशक इश्तियाक शेख बंटी और सह-कलाकार गौरव झा का विशेष धन्यवाद किया। इसके अलावा उन्होंने फिल्म के लेखक अरविंद तिवारी सहित सभी कलाकारों और तकनीकी टीम के प्रति भी आभार व्यक्त किया। संजना ने कहा कि टीमवर्क, विश्वास और सभी के सहयोग के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था। अपने संदेश में संजना पांडे ने परिवार, दर्शकों और ईश्वर का भी धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा कि जब कोई कलाकार पूरी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करता है, तो उसकी मेहनत एक न एक दिन जरूर पहचानी जाती है। उन्होंने भोजपुरी भाषा और समाज के प्रति गर्व व्यक्त करते हुए ‘जय भोजपुरी, जय भोजपुरी समाज’ का संदेश भी दिया। फिल्म ‘कलेक्टर साहिबा’ को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। सुदामा/ईएमएस 13 मई 2026