-इस बार गर्मियों की छुट्टी मनाएं उत्तर और पूर्व भारत की खूबसूरत जगहों में नई दिल्ली,(ईएमएस)। स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां होते ही लोग अपने परिवार या दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बनाते हैं। ऐसे में पहाड़ों की ठंडी हवा, हरियाली से भरी वादियां, झरनों की आवाज और बादलों से ढके नजारे लोगों को आकर्षित करते हैं। यही वजह है कि मई का महीना ट्रैवलिंग के लिए सबसे फेवरेट टाइम माना जाता है। इस दौरान कई जगहों पर मौसम साफ रहता है, प्राकृतिक खूबसूरती अपने पूरे रंग में दिखाई देती है और घूमने-फिरने का मजा दोगुना हो जाता है। अगर आप शिमला, मनाली और नैनीताल जाने का प्लान बना रहे हैं जरा रुकिए, भारत में कुछ ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जहां आप नेचर की एक अलग ही सुंदरता देखेंगे। आप गर्मियों की छुट्टियों में पूर्वी भारत का खूबसूरत हिल स्टेशन दार्जिलिंग जाने का प्लान बना सकते हैं, क्योंकि मई में यह जगह सुहावनी हो जाती है। यहां की ठंडी हवाएं, चाय के बागान और कंचनजंगा की बर्फीली चोटियां टूरिस्ट्स का दिल जीत लेती हैं। यहां टाइगर हिल, बतासिया लूप और जापानी पीस पगोडा जैसी जगहें काफी पॉपुलर हैं। अगर आप नेचर के बीच सुकून ढूंढ रहे हैं, तो आपके लिए उत्तराखंड का औली एक परफेक्ट डेस्टिनेशन है। यहां की हरी-भरी घास, बर्फ से ढकी चोटियों और रोपवे राइड लोगों को खूब पसंद आती है। ट्रैकिंग और कैंपिंग के शौकीनों के लिए भी यह जगह अच्छी है। उत्तर और पूर्व ही नहीं बल्कि दक्षिण भारत का स्कॉटलैंड कहलाने वाला कूर्ग मई में खूबसूरत दिखता है। कॉफी प्लांटेशन, झरने और हरियाली यहां की पहचान हैं और एबी फॉल्स, राजा सीट और डुबारे एलीफेंट कैंप घूमने के लिए बेस्ट जगहें हैं। ‘स्कॉटलैंड ऑफ द ईस्ट’ के नाम से मेघालय का मशहूर शिलॉन्ग अपनी झीलों, झरनों और खूबसूरत पहाड़ियों के लिए जाना जाता है। यहां का सुकून-भरा मौसम और कैफे कल्चर यंग लोगों को अट्रैक्ट करता है। उमियम लेक और एलीफेंट फॉल्स जैसी जगहें लोगों को बहुत पसंद आती हैं। अगर आप शांति और एडवेंचर चाहते हैं, तो धर्मशाला और मैक्लोडगंज शानदार ऑप्शन हैं। यहां तिब्बती संस्कृति, खूबसूरत मठ, कैफे और धौलाधार पर्वतों के अद्भुत नजारे देखने को मिलते हैं। सिराज/ईएमएस 13 मई 2026