राज्य
13-May-2026
...


खूंटी (ईएमएस)। पुलिस की रडार एवं सर्विलांस सिस्टम से बचने के लिए प्रतिबंधित उग्रवादी और नक्सली संगठन जंगी और मीविन एप्प का सहारा लेते हैं। इसका खुलासा बुधवार को जिले के एसपी ऋषभ गर्ग ने किया है। पुलिस ने आधा दर्जन से ज्यादा मामलों में वांछित पीएलएफआई का हार्डकोर सदस्य राजेश महतो उर्फ राजेश यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, दो गोली, तीन मोबाइल, बैग और पीएलएफआई का पर्चा बरामद किया है। आर्म्स एक्ट, लेवी वसूली, फायरिंग और आगजनी जैसे मामलों में खूंटी, कर्रा, तोरपा और बेड़ो थाना में कई मामले दर्ज हैं। विगत एक दशक से प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के लिए सक्रिय था। दरअसल कर्रा थाना इलाके में रेलवे के कंस्ट्रक्शन साइट पर आगजनी एवं फायरिंग की घटना की जांच पुलिस द्वारा गठित एसआईटी की टीम कर रही थी। इस कांड का मुख्य साजिशकर्ता पीएलएफआई का हार्डकोर सदस्य राजेश यादव उर्फ राजेश महतो की गिरफ्तारी के बाद कांड का खुलासा हुआ। साथ ही तोरपा इलाके में आगजनी मामले का भी खुलासा तोरपा कि एसआईटी टीम द्वारा किया गया। जिसमें कई अन्य कांडों का भी खुलासा हुआ।जिले के एसपी ऋषभ गर्ग ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित के कांड का खुलासा करते हुए बताया कि राजेश महतो उर्फ राजेश यादव पीएलएफआई के सब जोनल कमांडर अमृत हो के इशारे पर लेवी वसूल कर संगठन विस्तार का कम कर रहा था। साथ ही क्षेत्र में दहशत फैलाने और लेवी वसूली के लिए राजेश महतो कुख्यात रहा हैं। गिरफ्तार हार्डकोर सदस्य राजेश महतो के खिलाफ नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के केस में भी आरोपी रहा है। इसके अलाव रांची खूंटी इलाके में आधा दर्जन केस में वांछित है। छापामारी टीम तोरपा एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक रामप्रवेश कुमार, जरियागढ़, खूंटी, कर्रा, मारंगहादा थाना, खूंटी पुलिस लाइन, कर्रा सशस्त्र बल और खूंटी की तकनीकी शाखा शामिल थी। - 13मई/26