गोड्डा(ईएमएस)।गोड्डा जिला के महागामा थाना क्षेत्र के केचुआ चौक स्थित जायसवाल होटल के सामने देशी कट्टा लहराकर हंगामा करने और होटल संचालक के साथ विवाद करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा समेत दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक, गोड्डा को गुप्त सूचना मिली थी कि 11-12 मई की मध्य रात्रि में महागामा थाना अंतर्गत केचुआ चौक के समीप जायसवाल होटल के सामने तीन संदिग्ध युवक हथियार लहराते हुए होटल मालिक के साथ झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा के निर्देश पर महागामा पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के क्रम में उनके पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। मामले को लेकर महागामा थाना कांड संख्या 88/2026, दिनांक 12 मई 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए/26/35 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।गिरफ्तार आरोपियों में शांति नगर निवासी धर्मेंद्र कुमार दास (24 वर्ष) एवं जितेंद्र कुमार दास (22 वर्ष), दोनों स्वर्गीय शंभू रविदास के पुत्र, तथा कलाली टोला निवासी विवेक कुमार दास (26 वर्ष), स्वर्गीय शंकर रविदास के पुत्र शामिल हैं। तीनों महागामा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।बरामद सामान में एक देशी कट्टा, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक केटीएम मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन शामिल हैं।छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक उपेंद्र महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल, सहायक अवर निरीक्षक खालिद अहमद खान, निर्मल कुमार पांडेय, संजय सिंह एवं महागामा थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। कर्मवीर सिंह/13मई/26