क्षेत्रीय
13-May-2026


ठाणे, (ईएमएस)। मुंबई से सटे ठाणे में एक महिला डॉक्टर द्वारा इमारत से कूदकर आत्महत्या करने की दर्दनाक घटना सामने आई है। मृतक डॉक्टर की पहचान डॉ. शारमिंग डिंगा के रूप में हुई है, जो ठाणे महानगरपालिका के हकीम अजमल खान अस्पताल में डॉक्टर के पद पर कार्यरत थीं। मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. शारमिंग डिंगा ने मुंब्रा के एमएम वैली स्थित ग्रेस स्कोर बिल्डिंग से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा है कि डॉ. डिंगा अपने परिवार के साथ मुंब्रा में रहती थीं। उनके तीन बच्चे हैं, जबकि उनके पति विदेश में नौकरी करते हैं। अस्पताल के कर्मचारियों और परिचितों के मुताबिक, वह सभी के साथ मिलनसार व्यवहार रखती थीं और उनका किसी से विवाद भी नहीं था। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्वेता/संतोष झा- १३ मई/२०२६/ईएमएस