खेल
13-May-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में धीमी ओवर गति के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पर जुर्माना लगाया है। कमिंस पर बोर्ड ने 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। कमिंस पर ये जुर्माना मंगलवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में धीमी ओवर गति के लिए लगाया गया है। बोर्ड ने इसे आईपीएल नियमों का उल्लंघन करार दिया है। बीसीसीआई के नियमों के अनुसार, यदि क्षेत्ररक्षण करने वाली टीम निर्धारित समय सीमा के अंदर अपने 20 ओवर पूरे नहीं कर पाती है, तो उसे धीमी ओवर गति का दोषी माना जाता है। आईपीएल ने भी कमिंस पर जुर्माना लगाये जाने की पुष्टि की है। साथ ही कहा कि धीमी ओवर गति से संबंधित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत उनकी टीम का इस सीजन का यह पहला अपराध था, जिसके कारण कमिंस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह इस सत्र में सनराइजर्स की पहली गलती थी। आईपीएल में धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना कप्तानों पर लगाया जाता है जिससे खेल की गति बनी रहे। इस सत्र में अबतक दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के अक्षर पटेल पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के श्रेयस अय्यर और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के अजिंक्य रहाणे पर भी जुर्माना लगा है। ईएमएस 13मई 2026