राष्ट्रीय
13-May-2026
...


नागपुर एयरपोर्ट इंटरनेशनल स्तर पर तैयार होगा नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बुधवार को बुनियादी ढांचे और कृषि क्षेत्र के लिए क्रांतिकारी फैसलों को मंजूरी मिली है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेसवार्ता में बताया कि केंद्र सरकार ने अहमदाबाद (सरखेज) से धोलेरा के बीच देश की पहली स्वदेशी सेमी हाई-स्पीड डबल लाइन रेल परियोजना को हरी झंडी दे दी है। करीब 20,667 करोड़ रुपये की लागत वाला यह प्रोजेक्ट न केवल सफर की रफ्तार बढ़ाएगा, बल्कि धोलेरा को भविष्य के सेमीकंडक्टर हब के रूप में स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह 134 किलोमीटर लंबी रेल लाइन गुजरात के अहमदाबाद जिले के 284 गांवों को सीधे जोड़ेगी। इससे करीब 5 लाख लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। यह प्रोजेक्ट आने वाले धोलेरा एयरपोर्ट और लोथल मैरीटाइम कॉम्प्लेक्स को भी जोड़ेगा। सबसे खास बात यह है कि यह पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से तैयार होगा। इस प्रोजेक्ट से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि हर साल 0.48 करोड़ लीटर तेल की बचत भी होगी, जो पर्यावरण के लिए 10 लाख पेड़ लगाने के सामान होगा। मोदी सरकार ने साल 2026-27 के लिए खरीफ फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को मंजूरी दे दी है। कृषि लागत एवं मूल्य आयोग की सिफारिशों पर आधारित यह एमएसपी उत्पादन लागत से करीब 50 प्रतिशत अधिक रखी गई है। केंद्र सरकार को उम्मीद है कि इससे किसानों को करीब 2.60 लाख करोड़ रुपये का भुगतान होगा। 824.41 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य रखा गया है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत देगा। मोदी कैबिनेट ने कोयला गैसीकरण परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए 37,500 करोड़ रुपये के वित्तीय परिव्यय वाली योजना को मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा कि भारत के पास 200 साल का कोयला भंडार है, जिसका उपयोग अब गैस बनाने में किया जाएगा। इसमें 3 लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा। इसके अलावा, नागपुर एयरपोर्ट को अब पीपीपी मॉडल के तहत इंटरनेशनल स्तर पर तैयार किया जाएगा, जिससे विदर्भ क्षेत्र में पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिल सकेगा। आशीष दुबे / 13 मई 2026