- पुराने शहर के कई इलाको में बनी तनाव के हालात - पुलिस से हुई झड़प, पथराव में वाहन के कॉच टूटे - होटल से पकड़ाये युवक की पिटाई के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार - पुलिस से उलझने वालो की भी धरपकड़ जारी भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में मंगलवार देर रात धार्मिक भावनाएं आहत होने और आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल के विरोध में एक बार फिर गुस्साये मुस्लिम समाज के हजारो लोग सड़कों पर उतर आए। इस पुराने शहर के कई इलाकों में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने एहतियातन धारा 144 लागू कर दी, इस दौरान कुछ संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भोपाल बंद की चेतावनी दी। पुराने शहर के इकबाल मैदान पर लोगो की पुलिस से झड़प हो गई इस दौरान हुए पथराव में पुलिस वाहन के कांच टूट गया वहीं पुलिसकर्मी भी घायल हुए है। गौरतलब है कि 10 मई को हिंदू संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने एक होटल में ठहरे युवक और युवती को पकड़ लिया था। बाद में मुस्लिम युवक के साथ मारपीट कर उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोता गया और उसे अर्धनग्न कर उसका जुलूस निकालकर पुलिस के हवाले किया गया। इससे पहले आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। पूरी घटना का वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। यह घटना गौतम नगर इलाके स्थित एक होटल की बताई जा रही है। हालांकि बाद में युवती ने पुलिस से कहा कि, वह युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। वीडियो में कहे गये आपत्तिजनक शब्दो को लेकर मुस्लिम समाज का आरोप था कि मारपीट के दौरान धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने प्रतिनिधिमंडल के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ कड़ी कार्यवाही की मांग की। - देर रात फिर सड़क पर आये आक्रोशित लोग इसके बाद देर रात को आक्रोशित समाजजन हमीदिया अस्पताल और इमामी गेट क्षेत्र के पास बड़ी हजारो की संख्या में जमा हो गए। मौके पर विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोकी गई। इसी दौरान इकबाल मैदान के पास पुलिस पर पथराव की घटना भी सामने आई। पथराव में तलैया थाना प्रभारी की गाड़ी के शीशे टूट गए, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को तितर बितर किया। वहीं पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अफसरो ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए घोषणा की कि पुराने शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। - दो आरोपियो को दबोचा गया गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि विगत दिनों धर्म विशेष पर टीका टिप्पणी करने वाले एवं धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध थाना गोविंदपुरा में धारा 299 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर दो आरोपियो को हिरासत में लिया गया है। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों (रोहित सिंह, बृजेंद्र प्रजापति, जीतू कुशवाह, रंजीत सूर्यवंशी, लाला राम मीणा) की पहचान की गई है। साथ ही दर्ज प्रकरण में धारा 191(2),3(5) बीएनएस का इजाफा किया गया है। हिरासत में लिये गये आरोपियेा को जेल भेजा जा रहा है। आरोपियो में एक नाबालिग है, जिसको सीडब्ल्यूसी के सामने पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा जाएगा। - पथराव करने वालो पर भी एफआईआर दर्ज, धरपकड़ शुरु पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि पीरगेट और मोती मस्जिद के पास में प्रदर्शन के नाम पर हंगामा करने और पत्थर फेंकने वाले एक दर्जन से अधिक लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली है। वीडियो के आधार पर पहचान कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। सूत्रो के अनुसार मामले में तीन संदेहियों को तलैया पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जुनेद / 13 मई