इन्दौर (ईएमएस) पुलिस वाहन चेकिंग के दौरान पकड़े गए युवक ने थाने में पुलिस द्वारा मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाएं हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक शराब के नशे में था और थाने में हंगामा कर रहा था। मामला सदर बाजार थाना क्षेत्र का है जिसका विडियो सोशल साइट्स पर वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात की है जब पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के तहत वाहन चालक गोपाल जाटव निवासी अरबिंदो लोटस पार्क को कथित रूप से शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा और उसका वाहन जब्त कर थाने ले आई थी। इसके बाद रात डेढ़ बजे गोपाल अपनी मां और दोनों बच्चों के साथ थाने पहुंचा तो वहां विवाद की स्थिति बन गई। गोपाल मोबाइल से वीडियो बनाने लगा, जिस पर पुलिसकर्मियों ने आपत्ति जताई। थाना प्रभारी पप्पूलाल शर्मा के अनुसार युवक नशे में था और वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया था। वाहन जब्ती के बाद वह रात में दोबारा थाने पहुंचा और वीडियो बनाकर हंगामा करने लगा। समझाइश देने के बावजूद युवक नहीं माना और विवाद बढ़ गया। उधर वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी गुस्से में युवक की ओर बढ़ता नजर आ रहा है, जबकि मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी बीच-बचाव करती दिखाई दे रही है। जिस पुलिसकर्मी पर गोपाल ने मारपीट के आरोप लगाएं है उसका नाम मनोज यादव बताया जा रहा है। फिलहाल घटना का विडियो वायरल होने के बाद उच्च अधिकारियों ने मामले में संज्ञान लिया है। आनंद पुरोहित/ 13 मई 2026