अशोकनगर (ईएमएस)। जिले के विदिशा रोड पर ओडेर गांव के पास बुधवार को दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मुंगावली के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष जगन्नाथ सिंह यादव की कार पलट गई, जबकि दूसरी कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खेत में जा घुसी। दुर्घटना में जगन्नाथ सिंह यादव, दमदमा गांव के पूर्व सरपंच अर्जुन सिंह समेत कुछ अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। जानकारी के मुताबिक, जगन्नाथ सिंह यादव अपने साथियों के साथ बंगला चौराहे की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उनकी कार की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार पलट गई, जबकि दूसरी खेत में जा पहुंची। दूसरी कार अथाईखेड़ा के जैन परिवार की बताई जा रही है, जो अथाईखेड़ा की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए दोनों वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटवाया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। ईएमएस/ ओमप्रकाश रघुवंशी/ 13 मई 2026