क्षेत्रीय
13-May-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) |  सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। जो अधिकारी सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण के लिए गंभीर नहीं है तथा शिकायतें अटेंड ही नहीं करते हैं। उनके खिलाफ कडी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही समय सीमा प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले एवं जनवरी से पूर्व की जितने प्रकरण समय सीमा के लंबित हैं, उन सभी अधिकारियों को नोटिस जारी किए जाऐ। उक्ताशय के निर्देश निगमायुक्त संघ प्रिय ने दिए। निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त श्री टी प्रतीक राव, श्री प्रदीप तोमर, श्री मुनीष सिकरवार,  अपर आयुक्त वित्त श्रीमती रजनी शुक्ला सहित अन्य सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान सीएम हेल्प लाइन प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर नोडल अधिकारी जनकल्याण श्रीमती पूर्वी अग्रवाल एवं बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर मदाखलत अधिकारी दक्षिण श्री रवि कोरी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीएम हेल्प लाइन शाखा की क्लर्क श्रीमती ममता शाक्य को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जल प्रदाय एवं सीवर को लेकर चर्चा करते हुए गंदे पानी की शिकायतों एंव रोड रेस्टोरेशन कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वहीं जनकार्य विभाग की समीक्षा करते हुए सभी निर्माणाधीन सड़कों की विधानसभावार प्रगति की जानकारी ली तथा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया सड़क डामरीकरण के जो कार्य कराने हैं अभी करा लें अन्यथा वारिश के दौरान प्लांट बंद होने के कारण डामरीकरण के कार्य नहीं हो पायेगें। इस हेतु उन्होंने सभी अपर आयुक्तों को निर्देशित किया कि विधानसभा वार साप्ताहिक समीक्षा करें। इसके साथ ही नालों पर अतिक्रमण को लेकर समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन नालों पर अतिक्रमण के कारण जल भराव होता है उन नालों से तत्काल अतिक्रमण हटवायें। साथ ही अवैध कॉलोनियों पर सिटी प्लानर एवं भवन अधिकारी तत्काल एफआईआर दर्ज करायें। वहीं पौधारोपण को लेकर समीक्षा करते हुए कहा कि बारिश के दौरान लक्ष्य के अनुसार पौधा रोपण की तैयारी करें, अभी से गड्डे करा लें। इसके साथ ही कैप्टन हिल पहाडी जन सहयोग से पौधारोपण कराने हेतु संस्थाओं एवं संगठनों से बात कर आवश्यक तैयारियों पूर्ण करें। सम्पत्तिकर समीक्षा करते हुए अपर आयुक्त को निर्देश दिए कि पिछले सालों में जिन्होंने सम्पत्ति कर जमा नहीं किया उनकी साप्ताहिक समीक्षा करें एवं नवीन सम्पत्तिकर आईडी कितनी बन रही हैं तथा नामांतरण के प्रकरण लंबित न हो इसकी समीक्षा करें। इसके साथ ही गंदगी पर जुर्माने को लेकर निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी प्रतिदिन अधिक से अधिक जुर्माना करें। साथ ही विधि विभाग के अधिकारियों से जानकारी मांगी कि किस अधिवक्ता के पास कौन से केस हैं इसकी जानकारी तैयार करके दें। अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने स्वच्छ ग्वालियर एप के बारे में जानकारी दी तथा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपनी अपनी आईडी प्रतिदिन चेक करें तथा जो समस्या आ रही हैं उनका प्रतिदिन निराकरण करें।