रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार पर बेतहाशा बिजली बिल में से जनता को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि आमजनता महंगी बिजली दर,अघोषित बिजली कटौती में बेतहाशा बिल से परेशान है।सरकार जनता की पीड़ा को सुन नही रही है। मनमानी कर रही है। भाजपा सरकार में अब तक चार बार बिजली के दाम बढ़ाये गये है। बिजली बिल हाफ योजना से 400 यूनिट तक मिलने वाली छूट को खत्म कर दिया गया है। पूर्व में जिन घरों में 400 रु. से 500 रु. बिजली बिल आता था मई माह में उन घरों में 1500 रु. से 3000 रु. तक बिल भेजा गया है। जनता खपत से ज्यादा बिल आने की शिकायत कर रही है ये स्मार्ट मीटर के चलते उत्पन्न हुई है। स्मार्ट मीटर को लेकर जनता की शिकायत का निराकरण नही किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा शहर से लेकर गांवों तक अघोषित बिजली कटौती से घण्टो बिजली बंद हो रही है। लो वोल्टेज की समस्या से बिजली के उपकरण खराब हो रहे, सबमर्सिबल पम्पों से सिंचाई नही हो रही है, पेयजल संकट हो रहा है। भीषण गर्मी में कूलर पंखा चल नही पा रहा है। भाजपा सरकार में बिजली व्यवस्था पूरी तरह खराब हो गई है। श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान 23 घण्टा से अधिक बिजली की आपूर्ति होती थी। अब घंटों कटौती हो रही है।प्रदेश सरप्लस राज्य है। बिजली उत्पादक राज्य है, बिजली उत्पादन में लगने वाले से संसाधन प्रदेश से है। उसके बावजूद प्रदेश की जनता को महंगी बिजली, लो वोल्टेज की समस्या, बिजली कटौती से जूझना पड़ रहा है ये भाजपा सरकार की नकामी के कारण है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/13 मई 2026