एसडीएम सिवनी मालवा ने आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए पहुंचाई आवेदनकर्ताओं को राहत नर्मदापुरम (ईएमएस)। जिले में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। सुशासन की दृष्टि से कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवेदकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसी क्रम में 12 मई 2026 को आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आवेदकों को एक ही दिवस में राहत प्रदान की गई। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा श्री विजय राय को निर्देशित किया गया कि वे आवेदकों की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुनकर तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। निर्देशों के अनुपालन में अनुविभागीय अधिकारी सिवनी मालवा द्वारा संबंधित प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई की गई। निःशुल्क राजस्व अभिलेख उपलब्ध कराए गए ग्राम सीरूपुरा निवासी आवेदिका श्रीमती नर्मदीबाई द्वारा अपनी कृषि भूमि के वर्ष 1990-95 के खसरा पंचसाला एवं वर्तमान नक्शे की सत्यप्रतिलिपि प्राप्त करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था। प्रकरण पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आवेदिका को बिना किसी अनावश्यक औपचारिकता के निःशुल्क राजस्व अभिलेखों की सत्यप्रतिलिपि मौके पर ही उपलब्ध कराई गई। रास्ता विवाद का हुआ निराकरण आवेदक गणेश प्रसाद पिता रविशंकर रघुवंशी निवासी ग्राम निरखी द्वारा रास्ता खुलवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन पर कार्रवाई करते हुए अनुविभागीय अधिकारी द्वारा संबंधित हल्का पटवारी को तत्काल मौके पर पहुंचकर रास्ता खुलवाने एवं की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। राजस्व नकल आवेदन का एक ही दिवस में समाधान आवेदिका सुमनबाई निवासी सोनखेड़ी तहसील डोलरिया द्वारा पुराने राजस्व प्रकरण की जानकारी एवं नकल प्राप्त करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था। चूंकि संबंधित ग्राम पूर्व में तहसील सिवनी मालवा के क्षेत्राधिकार में था, इसलिए जिला अभिलेखागार से रिकॉर्ड की जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि मूल भूमि स्वामी वख्तार के निधन उपरांत उत्तराधिकारियों के नाम दर्ज करने हेतु आदेश पारित कर प्रकरण का निराकरण किया जा चुका है। इसकी विस्तृत जानकारी आवेदिका को प्रदान कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया। ईएमएस/मोहने/ 13 मई 2026