राज्य
13-May-2026


* कृषि लागत को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख फसलों के एमएसपी में बढ़ोतरी, गुजरात के किसानों ने जताया आभार गांधीनगर (ईएमएस)| धरतीपुत्रों के हित को सर्वोपरि रखते हुए भारत सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए खरीफ फसलों की खरीद हेतु न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की घोषणा की है। किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने तथा उनकी कृषि उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इनपुट लागत सहित उत्पादन खर्च को ध्यान में रखते हुए एमएसपी में वृद्धि की गई है। राज्य में मूंगफली, कपास, धान, ज्वार, बाजरा, रागी, मक्का, तूर, मूंग, उड़द और सोयाबीन जैसी खरीफ फसलों की बुवाई शुरू होने से पहले ही सरकार द्वारा समर्थन मूल्य घोषित कर दिए गए हैं, जिससे किसान अब अपने फसल चयन और बुवाई का निर्णय अपेक्षित न्यूनतम मूल्य को ध्यान में रखकर कर सकेंगे। कम समय में समर्थन मूल्य की घोषणा करने तथा खरीफ फसलों के एमएसपी में उचित वृद्धि करने के लिए कृषि मंत्री जीतू वाघाणी ने गुजरात सरकार तथा राज्य के किसानों की ओर से आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति के अध्यक्ष एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा हर वर्ष खरीफ और रबी फसलों के लिए बुवाई से पहले ही समर्थन मूल्य घोषित किया जाता है, ताकि किसान पहले से बेहतर योजना बना सकें। वर्ष 2026-27 की एमएसपी नीति के अंतर्गत मूंगफली के लिए रु. 7,517 प्रति क्विंटल, कपास (लंबा रेशा) के लिए रु. 8,667 प्रति क्विंटल, धान के लिए रु. 2,441 प्रति क्विंटल, ज्वार के लिए रु. 4,023 प्रति क्विंटल, बाजरा के लिए रु. 2,900 प्रति क्विंटल, रागी के लिए रु. 5,205 प्रति क्विंटल, मक्का के लिए रु. 2,410 प्रति क्विंटल, तूर के लिए रु. 8,450 प्रति क्विंटल, मूंग के लिए रु. 8,780 प्रति क्विंटल, उड़द के लिए रु. 8,200 प्रति क्विंटल, सोयाबीन के लिए रु. 5,708 प्रति क्विंटल तथा तिल के लिए रु. 10,346 प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य घोषित किया गया है। पिछले वर्ष की तुलना में कपास (लंबा रेशा), तिल और तूर के समर्थन मूल्य में क्रमशः रु. 557, रु. 500 और रु.450 प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। इसके अलावा गुजरात की प्रमुख फसल मूंगफली के समर्थन मूल्य में भी रु. 254 प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। सतीश/13 मई