बीजिंग में यूएस राष्ट्रपति ने जिनपिंग को महान बताया बीजिंग(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दो दिवसीय दौरे पर चीन पहुंचे हैं। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं की मौजूदगी में अमेरिका और चीन के राष्ट्रगान बजाए गए। ट्रंप और शी ने रेड कार्पेट पर चलते हुए सैन्य गार्ड का निरीक्षण किया। समारोह स्थल पर मौजूद दर्जनों बच्चों ने फूलों के साथ नेताओं का अभिवादन किया। बीजिंग में बातचीत के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने शी जिनपिंग की तारीफ करते हुए कहा कि चीनी नेता के साथ उनके बेहद शानदार रिश्ते हैं और दोनों देशों के संबंध पहले से भी ज्यादा बेहतर होने वाले हैं। ट्रंप ने शी को एक महान देश का महान नेता भी बताया और कहा कि अमेरिका में कुछ लोगों की आलोचना के बावजूद वह यह बात खुले तौर पर कहते हैं। यह यात्रा मूल रूप से मार्च में निर्धारित थी, लेकिन ईरान युद्ध के कारण इसमें देरी हुई। गौरतलब है कि ट्रंप आखिरी बार 2017 में राष्ट्रपति के रूप में चीन आए थे, लेकिन इस बार उनका सामना एक अधिक मुखर और शक्तिशाली चीन से है, जो खुद को एक स्थिर वैश्विक शक्ति के रूप में पेश करने के लिए उत्सुक है। ट्रंप ने शी जिनपिंग के साथ अपनी मुलाकात को अब तक का सबसे बड़ा शिखर सम्मेलन बताया। दोनों नेताओं ने अपने-प्रतिनिधिमंडलों के साथ द्विपक्षीय बातचीत शुरू की है। ट्रंप ने शी के साथ अपने निजी तालमेल पर जोर देते हुए कहा कि उनसे मिलना उनके लिए सम्मान की बात है और उन्होंने शी को अपना दोस्त बताया। उन्होंने यह भी कहा कि चीन और अमेरिका के बीच संबंध काफी बेहतर होंगे। शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने संबंधों को स्थिरता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चीन और अमेरिका के बीच साझा हित उनके मतभेदों की तुलना में कहीं अधिक बड़े हैं। शी जिनपिंग ने रेखांकित किया कि दोनों देशों की सफलता एक-दूसरे के लिए अवसर पैदा करती है और स्थिर द्विपक्षीय संबंध पूरी दुनिया के हित में हैं। उन्होंने ट्रंप के साथ प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने की इच्छा भी व्यक्त की। इस दो दिवसीय दौरे को अत्यधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि एजेंडे में कई जटिल मुद्दे शामिल हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने आगमन से पहले स्पष्ट किया था कि वह चीन से अमेरिकी उद्योगों के लिए अपने बाजार खोलने का आग्रह करेंगे। वीरेंद्र/ईएमएस/14मई 2026