राज्य
14-May-2026
...


पुणे, (ईएमएस)। पुणे से सटे पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में बुधवार रात आरपीआई के नेता अनिल मोरे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात मोशी स्थित युवराज रेस्टॉरंट अँड बार में रात करीब 9 बजे हुई। खबर है कि अज्ञात हमलावरों ने अनिल मोरे पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने मोरे के शव को पोस्टमार्टम के लिए वाईसीएम अस्पताल भेज दिया। इस बीच हत्या की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, आरपीआई कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव अपने कब्जे में नहीं लेंगे। सूचना मिलते ही पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने होटल और आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने का काम तेज कर दिया है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। अनिल मोरे आरपीआई (आठवले गुट) के सक्रिय नेता थे और कामगार आघाड़ी के प्रदेशाध्यक्ष के रूप में उनकी बड़ी पहचान थी। बहरहाल इस घटना के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। - १४ मई/२०२६/ईएमएस