क्षेत्रीय
14-May-2026


कांकेर(ईएमएस)। जिले में महानदी किसान हार्वेस्टर संघ के नियमों को लेकर किसानों और संघ के बीच विवाद की स्थिति बन गई है। इससे क्षेत्र के किसान परेशान हैं। मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने जिला प्रशासन से संघ का रजिस्ट्रेशन रद्द करने और उसकी कथित मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है। यूनियन ने 11 मई को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर इस पूरे मामले की जांच की मांग की थी। भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों का आरोप है कि संघ के कुछ पदाधिकारी और सदस्य गांवों में पहुंचकर किसानों पर अपने नियमों के अनुसार धान कटाई कराने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही निर्धारित दरों पर ही कटाई कराने की बात कही जा रही है। आरोप यह भी है कि यदि कोई किसान संघ के बाहर से हार्वेस्टर मंगाता है, तो उसे धमकाया जाता है। यहां तक कि बाहर से आने वाले हार्वेस्टर मालिकों को भी संघ के नियमों का पालन करने के लिए मजबूर किया जाता है। किसानों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से वे भय और दबाव में काम करने को मजबूर हैं, जिससे उनकी स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है। भारतीय किसान यूनियन ने मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि किसान बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से कृषि कार्य करा सकें। साथ ही संघ का पंजीयन रद्द करने की भी मांग की गई है। इस मांग में टीकाराम साहू, सेवक राम साहू, राम रत्ती गंजीर सहित अन्य किसान शामिल हैं। ईएमएस(राकेश गुप्ता)14 मई 2026