क्षेत्रीय
14-May-2026


बालोद(ईएमएस)। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। जिला मुख्यालय से मात्र 5 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम ओरमा, मेड़की और बघमरा के लोग इन दिनों गंभीर बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। करीब 45 डिग्री तापमान के बीच घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही और अव्यवस्थित लाइन व्यवस्था के कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, बघमरा-मेड़की-ओरमा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति वर्तमान में जगन्नाथपुर और सांकरा फीडर से जोड़ी गई है। जब इन लाइनों में फॉल्ट आता है या सप्लाई बाधित होती है, तो वैकल्पिक रूप से जुंगेरा लाइन से आपूर्ति जोड़ दी जाती है। इसी तकनीकी व्यवस्था के कारण बार-बार ट्रिपिंग, फॉल्ट और अनियमित बिजली कटौती की स्थिति बन रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज गर्मी के कारण दिन और रात दोनों समय बिजली की आवश्यकता बढ़ गई है, लेकिन लगातार कटौती से पानी की आपूर्ति, घरेलू कार्य और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्राम पंचायत सरपंच मंजूलता साहू ने मांग की है कि ओरमा, मेड़की और बघमरा क्षेत्र की बिजली लाइन को स्थायी रूप से बालोद फीडर से जोड़ा जाए, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मई 2026