कांकेर(ईएमएस)। जिले के दुर्गूकोंदल तहसील क्षेत्र में शिवसेना ने बढ़ते भ्रष्टाचार, शोषण और अन्यायपूर्ण व्यवस्था के खिलाफ जन-जागरण अभियान तेज कर दिया है। संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव और बाजारों में पहुंचकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इसी कड़ी में बरहेली साप्ताहिक बाजार में शिवसेना पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पर्चे बांटकर नागरिकों को जागरूक किया और भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। शिवसेना प्रदेश सचिव महेश वासुदेव दुबे ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं है, बल्कि एक भ्रष्टाचार-मुक्त और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना करना है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम नागरिक प्रशासनिक उदासीनता और भ्रष्टाचार से परेशान हैं, और गरीब, मजदूर तथा वंचित वर्ग लगातार न्याय से वंचित हैं। ऐसे में शिवसेना सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध है। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को कानून की जानकारी दी और भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। साथ ही नागरिकों से लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की अपील की गई। कार्यक्रम में सुकचंद मंडावी, सम्पत सिन्हा, भोला नेताम, शिवराज गावड़े, रामसिंह तोप्पा, अनिल नेताम, सुरेश रावटे, माखन पटेल और डिपेंद कुंजाम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। बाजार क्षेत्र में अभियान को लोगों का समर्थन भी मिला। ईएमएस(राकेश गुप्ता)14 मई 2026