ग्रेटर नोएडा (ईएमएस)। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी मोहम्मद नबी और राशिद खान यहां अस्पताल में भर्ती अपने देश के पूर्व क्रिकेटर शपूर जादरान को देखने पहुंचे। पूर्व तेज गेंदबाज रहे जादरान एक गंभीर बीमारी, हेमोफैगोसिटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (एचएलएच) से पीड़ित हैं और भारत में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं। 38 साल के जादरान अभी गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं। अपने पुराने साथी को अस्पताल के बिस्तर पर लेटा देख नबी भावुक हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया में लिखा , ‘‘आज मैं और राशिद खान अपने प्यारे भाई शपूर जादरान से मिले। उसी जोशीले और मजबूत दिल वाले शपूर से जिसे हमने हमेशा क्रिकेट के मैदान पर बहादुरी से लड़ते हुए देखा है। अस्पताल के बिस्तर पर लेटा देखना सचमुच दिल तोड़ने वाला अनुभव रह।’’ नबी ने उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए सभी प्रशंसकों से उनके लिए प्रार्थना करने की अपील की। वहीं इससे पहले शपूर जादरान की सेहत को लेकर अफगानिस्तान के कई पूर्व क्रिकेटर और उनके भाई सोशल मीडिया पर जानकारियां साझा करते रहते हैं। शपूर जादरान उन शुरुआती खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने संघर्षपूर्ण परिस्थितियों में अफगान क्रिकेट को उभारने में अहम भूमिका निभाई। ईएमएस 14मई 2026