खेल
14-May-2026


बैंकॉक (ईएमएस)। भारत की शीर्ष महिला बैडमिंटन स्टार पी वी सिंधु जीत के साथ ही बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गयी हैं। सिंधु के अलावा पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की जोड़ी ने भी जीत के साथ ही क्वार्टर फाइनल की ओर कदम बढ़ाया है। महिला एकल में सिंधु ने डेनमार्क की शटलर अमाली शुल्ज को केवल 28 मिनट में 21-13, 21-15 से सीधे गेम में हरा दिया। यह इस टूर्नामेंट में सिंधु की लगातार दूसरी जीत थी। अब क्वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना मौजूदा विश्व चैंपियन और जापान की शीर्ष खिलाड़ी अकाने यामागुची से होगा। सिंधु का जापानी खिलाड़ी के खिलाफ रिकार्ड 15-13 का है जिससे ये मुकाबला रोमांचक होना तय है। दूसरी ओर पुरुष युगल में, सात्विक और चिराग की शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने मलेशियाई जोड़ी ब्रायन जेरेमी गूनटिंग और मुहम्मद हाइकल को सीधे गेम में 21-12 और 21-19 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। । अब सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए, सात्विक और चिराग का मुकाबला छठी वरीयता प्राप्त जापानी जोड़ी ताकुमी नोमुरा और युइची शिमोगामी से होगा। इस भारतीय जोड़ी ने पहले मुकाबले में भी इंडोनेशिया के मुह पुत्रा एरवियनस्याह और बगास मौलाना के खिलाफ 21-19, 21-23, 21-10 से कड़े संघर्ष के बाद जीत दर्ज की थी।वहीं टूर्नामेंट में शामिल अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। श्रीकांत ने अपने शुरुआती दौर में सिंगापुर के आठवें वरीय लोह कीन यू को 21-14, 21-15 के सीधे गेम में हराया था। इसके अलावा थॉमस कप में लगी चोट से वापसी कर रहे लक्ष्य सेन ने भी सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को 43 मिनट में 21-16, 21-17 से हराकर टूर्नामेंट की जीत के साथ शुरुआत की है। महिला एकल में, देविका ने शुरुआती राउंड में जापान की एन. निदाइरा को हराया था, जबकि विश्व की 50वें नंबर की खिलाड़ी बंसोड़ ने भी झांग वेन यू (13-21, 26-24, 21-13) के खिलाफ एक उतार-चढ़ाव भरे मुकाबले में जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया।केवल अनमोल खार्ब को हार का सामना करना पड़ा। अनमोल को विश्व नंबर 4 चेन यू फेई ने 21-19, 13-21, 18-21 से हराया। ईएमएस 14मई 2026