राज्य
14-May-2026


कटनी के बरही- उमरिया रोड पर दुर्घटना : विवाह समारोह से लौटते समय हुए हादसे का शिकार जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर संभाग के कटनी जिलांतर्गत बरही-उमरिया रोड पर ग्राम करौंदी के पास बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार यात्री बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी,। इस घटना में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान बिच्छूपूरा निवासी सुखलाल कोल (27 वर्ष) और उमरिया के ग्राम कुड़ी निवासी रामकिशन कोल (18 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक ग्राम करेला में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से वापस लौटते समय करौंदी गांव के पास बरही से उमरिया की ओर जा रही बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटर साइकिल के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बरही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि दुर्घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अजय पाठक / मोनिका / 14 मई 2026/ 02.07