राज्य
14-May-2026


- अखिलेश और बेटियों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई लखनऊ (ईएमएस)। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव गुरुवार दोपहर पंचतत्व में विलीन हो गए। लखनऊ में आयोजित अंतिम संस्कार के दौरान उनकी पत्नी अपर्णा यादव के पिता अरविंद सिंह बिष्ट ने चिता को मुखाग्नि दी। इस भावुक क्षण में अखिलेश यादव ने भाई की चिता पर लकड़ी अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। प्रतीक की दोनों छोटी बेटियां भी श्मशान घाट पर मौजूद रहीं और उन्होंने भी पिता को अंतिम प्रणाम किया। इससे पहले निकली अंतिम यात्रा में समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा, जहां प्रतीक यादव अमर रहें के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। शिवपाल यादव के पुत्र आदित्य यादव ने शव को कंधा दिया। परंपरा के अनुसार, शव को अंतिम संस्कार स्थल तक ले जाने के दौरान सपा कार्यालय सहित पांच स्थानों पर विश्राम के लिए रखा गया। प्रतीक यादव को उनके पशु प्रेम के लिए जाना जाता था, जिसकी झलक उनकी अंतिम यात्रा में भी दिखी; शव वाहन पर उनके पालतू पशुओं के साथ वाली तस्वीरें लगाई गई थीं। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को सुबह घर पर रखा गया था, जहां उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। परिवार के सदस्य शिवपाल यादव और डिंपल यादव भी इस दौरान मौजूद रहे। 38 वर्षीय प्रतीक का निधन बुधवार सुबह कार्डिएक अरेस्ट के कारण हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, उनके शरीर पर कुछ पुरानी चोटों के निशान भी पाए गए हैं, जिसकी विस्तृत जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। प्रतीक के असामयिक निधन से समाजवादी कुनबे और समर्थकों में शोक की गहरी लहर है। रामयश/ईएमएस 14 मई 2026