खेल
14-May-2026


पेरिस (ईएमएस)। फ्रांसीसी फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) ने रेसिंग क्लब डी लेंस के खिलाफ मिली 2-0 की जीत के साथ ही लगातार पांचवीं बार लीग 1 का खिताब अपने नाम किया है। इसी के साथ ही पीएसजी आधिकारिक तौर पर फ्रांस की सर्वोच्च फुटबॉल लीग की विजेता बन गयी है। ये पीएसजी के लिए इस सत्र में घर से बाहर खेलते हुए 11वीं जीत थी। ये इस सत्र में किसी भी टीम द्वारा दर्ज की गई सबसे ज्यादा जीत का नया रिकॉर्ड है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही पीएसजी ने अपना कुल 14वां खिताब जीता है। यह पहली बार है जब क्लब ने लीग 1 के खिताब को लगातार पांचवीं बार हासिल किया है। यह क्लब की कुल 59वीं ट्रॉफी है, जो फुटबॉल जगत में उसकी लगातार बढ़ती ताकत और सफलता को दिखाती है। इस सत्र में पीएसजी ने यह चौथा खिताब जीता है; इससे पहले टीम ने यूईएफए सुपर कप, फीफा इंटरकॉन्टिनेंटल कप और ट्रॉफी डेस चैंपियंस भी जीती है। वहीं पीएसजी के कोच लुइस एनरिक ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की है। अब लगातार दूसरे यूईएफए चैंपियंस लीग फाइनल में पहुंचने के बाद, पीएसजी 30 मई को बुडापेस्ट में आर्सेनल के खिलाफ मैदान में उतरेगी। ईएमएस 14 मई 2026