राष्ट्रीय
14-May-2026
...


-संबित पात्रा ने कहा- आय से अधिक खर्च किया नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने गुरुवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी की घोषित आय और विदेश दौरों पर हुए कथित खर्च के बीच अंतर को लेकर कई सवाल उठाए। संबित पात्रा ने दावा किया कि वर्ष 2004 से 2026 के बीच राहुल गांधी ने 54 निजी विदेश यात्राएं की हैं, जिन पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दौरों में किसी भी सरकारी या संसदीय यात्रा को शामिल नहीं किया गया है और यह पूरी तरह निजी यात्राएं थीं। भाजपा नेता ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी की घोषित आय लगभग 11 करोड़ रुपये है, तो फिर विदेश यात्राओं पर कथित रूप से 60 करोड़ रुपये कैसे खर्च किए गए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इन यात्राओं के वित्तीय स्रोतों को सार्वजनिक करने की मांग की। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संबित पात्रा ने कहा कि देश को यह जानने का अधिकार है कि विपक्ष के प्रमुख नेता की विदेश यात्राओं का खर्च कौन उठा रहा है। भाजपा ने इसे पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। हिदायत/ईएमएस 14मई26