राष्ट्रीय
14-May-2026
...


-केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश के कई राज्यों में एक बार फिर गर्मी बढ़ गई है। देश की राजधानी दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल तक तापमान 40 के पार पहुंच गया है। इस बीच मौसम विभाग ने 16 राज्यों के लिए राहत वाली खबर दी है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। इस बार मॉनसून से पहले ही प्री-मानसून गतिविधियां काफी मजबूत दिखाई दे रही हैं। दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान निकोबार क्षेत्र में मॉनसून की शुरुआती हलचल ने दक्षिण भारत के मौसम को तेजी से बदला है। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में लगातार बादल और बारिश ने गर्मी की रफ्तार को धीमा कर दिया है। दूसरी तरफ राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ इलाके अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बिजली गिरने और तेज आंधी के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा है। कई राज्यों में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में अचानक तेज हवाओं के कारण ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मई के दूसरे पखवाड़े में मौसम और ज्यादा अस्थिर हो सकता है। ऐसे में लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम अपडेट पर लगातार नजर रखने की जरूरत होगी। दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिन मौसम काफी बदला हुआ होगा। आईएमडी के मुताबिक राजधानी में आंशिक बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी, लेकिन धूल भरी आंधी परेशानी बढ़ा सकती है। 15 मई को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि 16 मई के बाद मौसम कुछ हद तक साफ रहने की संभावना है। बिहार में मौसम विभाग ने अगले पांच दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पटना, गया, बांका, जमुई, किशनगंज और जहानाबाद समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है। दरभंगा और पूर्णिया में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। हालांकि कैमूर जैसे इलाकों में तापमान अब भी 41 डिग्री के पार बना हुआ है। झारखंड में 14 से 18 मई तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। रांची, जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। बाड़मेर में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. हालांकि चुरू समेत कई इलाकों में बारिश और आंधी के कारण लोगों को कुछ राहत मिली है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अगले कुछ दिन लू चलने की संभावना है। पंजाब में मौसम बदलने से कई जिलों में गर्मी से राहत मिली है। पठानकोट, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, मोहाली और पटियाला समेत कई इलाकों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना हुआ है। 13 से 17 मई तक रुक-रुक कर हल्की बारिश हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। हिमाचल प्रदेश में 15 और 16 मई को मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। शिमला, मनाली, धर्मशाला और कुल्लू में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग ने भूस्खलन और फिसलन को लेकर पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और आसपास के राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। हालांकि कुछ इलाकों में जलभराव और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे लो प्रेशर एरिया के कारण कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे दक्षिण भारत के कई राज्यों के लिए बेहद अहम रहने वाले हैं। सिराज/ईएमएस 14मई26