क्षेत्रीय
14-May-2026
...


सागर (ईएमएस) । आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के सागर चैप्टर द्वारा परम पूज्य श्री श्री रविशंकर जी के 70वें जन्मोत्सव एवं संस्था के 45 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विचार समिति परिसर में विशेष सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भजन, ध्यान और आध्यात्मिक संदेशों के माध्यम से भक्तिमय वातावरण निर्मित हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और साधक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक राजेश जैन ने कहा कि सत्संग के दौरान उपस्थित लोगों ने गुरु भक्ति से ओतप्रोत भजनों का आनंद लिया तथा ध्यान साधना के माध्यम से आंतरिक शांति का अनुभव किया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण भी किया गया। शिक्षक संकल्प मलैया ने बताया कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी का संदेश वसुधैव कुटुंबकम - प्रेम, शांति और मानवता की सेवा पर केंद्रित रहता है। उन्होंने कहा कि तनावमुक्त मन, हिंसामुक्त समाज और रोगमुक्त शरीर ही जीवन जीने की कला है । गुरुदेव के मार्गदर्शन में सुदर्शन क्रिया के द्वारा लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। शिक्षक सचिन ज्योतिषी ए‌वं राजकुमारी यादव ने कहा कि संस्था पिछले 45 वर्षों से 180 देशों में आध्यात्मिक जागरूकता और सेवा कार्यों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव ला रही है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गुरुदेव की दीर्घायु और विश्व शांति की कामना की। शिक्षक प्रवीण धुरिया ने बताया श्री श्री कहते हैं कि साधना, सेवा ए‌वं सत्संग के समन्वय से जीवन के हर क्षण को आनंदमय बनाया जा सकता है। इस अवसर पर सरोज मलैया, शालिनी दीदी, दीप्ती चंदेरिया, सुनीता अरिहंत, सुष्मिता ठाकुर, सुषमा ज्योतिषी, विनय तिवारी, डॉ. मोना केशरवानी, रूचि साहू, मोनिका कुशवाहा, सिद्धार्थ सोनी, राजेश दुबे, काजल जैन आदि उपस्थित थीं। ईएमएस / 14/05/2026