क्षेत्रीय
14-May-2026
...


- भीषण गर्मी के बीच बागोद में 113 रक्तवीरों ने किया महादान खरगोन (ईएमएस)। जिले के ग्राम बागोद में खाकी, ग्राम पंचायत एवं स्वास्थ्य विभाग की त्रिवेणी में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यहां दूसरों का जीवन बचाने रक्तवीरों ने बढ़-चढ़कर आयोजन में हिस्सा लेकर अमूल्य रक्तदान किया। भीषण गर्मी के बीच इतनी बड़ी संख्या में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के लिए आयोजन समिति की सराहना की गई। चौकी प्रभारी हरिशंकर पांटेल ने बताया मानव सेवा ही माधव सेवा का संकल्प लेकर उक्त शिविर आयोजित किया, इसमें मातृशक्ति ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। शिविर का शुभारंभ सुबह 7 बजे किया गया। शिविर की विशेषता यह रही कि यहां स्वैच्छा से रक्तदाता पहुंचे और अपनी कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया। ग्रामीणों के मानव सेवा के इस भाव की आमंत्रित अतिथियों के साथ ही ब्लड बैंक टीम ने भी सराहना की। पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं एवं महिलाओं के चेहरों पर समाज सेवा का विशेष उत्साह और गर्व की झलक साफ नजर आई। रक्तवीरों का किया सम्मान, दिए उपहार कार्यक्रम में प्रोत्साहन स्वरुप रक्तवीरों का विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मान भी किया गया। द इंटरनेशनल स्कूल इंदौर की ओर से रक्तदाताओं को घड़ी भेंट की गई, वन विभाग की ओर से गमछे तथा पुलिस चौकी बागोद की ओर से महिला रक्तदाताओं को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। शिविर में आमजन की सहभागिता को लेकर पिछले एक माह से तैयारियां की जा रही थी, जिसमें चौकी प्रभारी श्री पांटेल, पीएचसी प्रभारी डॉ. महेंद्र ओसवाल, सरपंच सेवक राम गुर्जर, गुर्जर समाज अध्यक्ष संजय गुर्जर एवं समाजसेवी रितेश अग्रवाल, सरपंच दौलतपुरा राजेंद्र जाट, सरपंच देवगढ़ छन्नू खड़ा, सरपंच रूपाला सतीश त्रिवेदी, समाजसेवी प्रवीण जैन, समाजसेवी अशोक जैन, द इंटरनेशनल स्कूल संचालक सुरेंद्र जायसवाल, अनिल रावत, समाज अध्यक्ष जितेंद्र सोलंकी, राकेश देवड़ा, पूर्व सरपंच दीपक जाट, जनप्रतिनिधि कैलाश जाट, पूर्व सरपंच विनोद जायसवाल,ए राकेश मुकाती, विजय तिवारी एवं प्रधान आरक्षक कुलदीप खेड़ेकर आदि ने अपनी टीम के साथ गांव-गांव एवं घर-घर जाकर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इसी का परिणाम रहा की भीषण गर्मी के बीच इतनी बड़ी संख्या में रक्त का संग्रहण किया जा सका। शिविर समापन पर रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। ईएमएस/नाजिम शेख/ 14 मई 2026