- सुसाइड से पहले वीडियो में बताई आखिरी इच्छा शाजापुर (ईएमएस)। प्रेम प्रसंग और प्रताड़ना की एक खौफनाक परिणति शाजापुर जिले के मक्सी थाना क्षेत्र में देखने को मिली है। यहां एक 21 वर्षीय युवक ने जिंदगी से हार मानकर फांसी के फंदे को गले लगा लिया। मौत को चुनने से ठीक पहले युवक ने अपने मोबाइल में एक दर्दनाक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने एक लड़की पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपने मामाओं से उसे न छोड़ने की आखिरी इच्छा जाहिर की है। दिल दहला देने वाले इस वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने गंभीरता से मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मक्सी के बजरंग मोहल्ला वार्ड क्रमांक 8 निवासी धभगिज कुंडलिया उर्फ नितिन 21 वर्ष पिता सुनील कुंडलिया का शव गुरुवार सुबह उसके ही घर में बिजली के तार से बने फंदे पर लटका मिला। घटना की भनक लगते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर डायल 112 की टीम और मक्सी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक मजदूरी करता था और परिवार के अन्य सदस्य पिता और छोटा भाई भी मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। वीडियो में छलका दर्द, मामा, भांजे की आखिरी इच्छा पूरी कर देना मृतक के मामा जसवंत सिंह ने बताया कि नितिन एक लड़की के कारण भारी मानसिक तनाव में था। आत्महत्या से पहले नितिन ने जो वीडियो बनाया, उसमें वह अपने दोनों मामाओं से रोते हुए कह रहा है मामा श्री, आपसे छोटी सी गुजारिश है... अगर मैं मर गया तो उसे छोड़ना मत। जैसे मेरी जिंदगी बर्बाद हुई है, उसकी भी कर देना। भांजे की आखिरी इच्छा पूरी कर देना, नहीं तो मुझे अपना भांजा मत बुलाना। मम्मी की कसम है आपको... अगर उसे तकलीफ नहीं दी, तो मैं मरने के बाद भी सबको तकलीफ दूंगा। तू बच्चा है, मम्मी-पापा का ख्याल रखना इसी वीडियो में नितिन ने अपने छोटे भाई वीरेंद्र के लिए भी एक भावुक संदेश छोड़ा है। उसने कहा, देख भाई, तू अभी बच्चा है। मेरा दिमाग खराब हो गया, मैं जिंदगी से हार गया। अब सबकी जिम्मेदारी तुझे निभानी है, मम्मी-पापा का ख्याल रखना। मम्मी की एनिवर्सरी आने वाली है, उसे खुशी से मनाना। मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा बनाकर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए शाजापुर जिला अस्पताल पहंुचाया। पुलिस वीडियो में लगाए गए आरोपों की सत्यता और लड़की की पूरी भूमिका की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 14 मई 2026