- भाजयुमो जिलाध्यक्ष की दौड़ तेज, शहर में लगे दावेदारों के बैनर-पोस्टर, प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के आगमन से बढ़ी सरगर्मी - अब तक नहीं हो पाई है जिलाध्यक्ष की नियुक्ति - एक दर्जन से अधिक दावेदारों ने बढ़ाई सक्रियता बालाघाट (ईएमएस). भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के 16 मई को प्रस्तावित आगमन से पहले संगठनात्मक हलचल तेज हो गई है। जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल दावेदार शहरभर में बैनर-पोस्टर लगाकर अपनी सक्रियता और दावेदारी दिखा रहे हैं। बालाघाट जिले ही नहीं बल्कि प्रदेश में भाजयुमो जिला अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो पाई है। बालाघाट में एक दर्जन से अधिक दावेदारों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के आगमन को लेकर बालाघाट शहर की सडक़ों पर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। आम्बेडकर चौक से जयस्तंभ चौक, जिला भाजपा कार्यालय मार्ग, कालीपुतली चौक सहित प्रमुख चौराहों और गलियों में दावेदारों द्वारा बड़े-बड़े बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, भाजपा संगठन द्वारा जिलाध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के मंडल अध्यक्ष और नगर अध्यक्ष की नियुक्तियां पहले ही की जा चुकी हैं, लेकिन भाजयुमो जिलाध्यक्ष और भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष के पद पर अब तक निर्णय नहीं हो सका है। इससे इन पदों के लिए दावेदारी और भी तेज हो गई है। दावेदार बना रहे अपने पक्ष में माहौल सूत्रों के मुताबिक, जिलाध्यक्ष पद के इच्छुक दावेदार संगठन के वरिष्ठ नेताओं, जिला भाजपा पदाधिकारियों और प्रदेश नेतृत्व से संपर्क साधकर अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए हैं। शहर में लगी होर्डिंग्स को लेकर भी चर्चाओं का दौर जारी है, जिसमें दावेदार अपने-अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं दौरा राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के इस दौरे के बाद जल्द ही भाजयुमो जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा की जा सकती है। ऐसे में 16 मई का दौरा संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ये हैं जिला अध्यक्ष के दावेदार सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजयुमो जिला अध्यक्ष की दौड़ में भाजयुमो नगर अध्यक्ष जैनेंद्र कटरे, नपा बालाघाट में मनोनीत एल्डर मेन विशाल मंगलानी, नगर महांत्री भाजयुमो दीपक लिल्हारे, भाजयुमो जिला मंत्री अमन गांधी, भाजयुमो का पुराना कार्यकर्ता प्रज्जवल चौरसिया, बालाघाट ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भाजयुमो शैलेंद्र ठकरेले, भाजयुमो जिला मंत्री ऋषभ भाटिया, नगर अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा व पूर्व भाजयुमो नगर महामंत्री अखिलेश चौरे शामिल है। इसी तरह वारासिवनी से भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सौरभ टेबू पटेल भी इस दौड़ में अपनी सक्रियता बनाए हुए है। उम्र का बंधन बनी दीवार, दावेदारों के सपनों पर संकट भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल कई दावेदारों के लिए उम्र की शर्त बड़ी बाधा बनती नजर आ रही है। पार्टी की गाइडलाइन के अनुसार करीब 35 वर्ष तक की आयु वाले कार्यकर्ता को ही जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, ऐसे में उम्रदराज दावेदारों के सपनों पर पानी फिरने की संभावना बढ़ गई है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर संगठन में हलचल तेज हो गई है। कई युवा नेता इस पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं, लेकिन तय आयु सीमा के चलते दावेदारों की संख्या पर स्वाभाविक रूप से असर पड़ रहा है। ऐसे में संगठन अब युवा चेहरे को प्राथमिकता देते हुए नए नेतृत्व को आगे लाने की रणनीति पर काम कर सकता है। भानेश साकुरे / 14 मई 2026