- पुलिस ने किया 8 वारदातों का खुलासा - आरोपियों के पास से 5 लाख का मशरूका बरामद - रैकी कर सुनसान मंदिरों को बनाते थे निशाना बालाघाट (ईएमएस). जिले में लगातार हो रही मंदिर चोरी की घटनाओं पर बालाघाट पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न मंदिरों से चोरी किया गया करीब 5 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र राज्य के रावनवाड़ी क्षेत्र के निवासी हैं, जो सुनसान और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों की रेकी कर रात के समय वारदात को अंजाम देते थे। सीएसपी मंयक तिवारी ने बताया कि मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना लांजी, नवेगांव, कोतवाली, किरनापुर एवं हट्टा की कुल पांच विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों की निगरानी और पूछताछ शुरू की। इसी दौरान मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई आठ मंदिर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले सुनसान एवं ग्रामीण इलाकों में स्थित मंदिरों की रेकी करते थे और फिर रात्रि के समय मंदिरों के ताले तोडकऱ चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पिछले कुछ दिनों में लांजी, हट्टा, नवेगांव और कोतवाली थाना क्षेत्रों के मंदिरों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल था। इन मंदिरों को बनाया निशाना 16 अप्रैल को पीपरारी के हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट व कुण्डल चोरी हुए। 29 अप्रैल को गायखुरी स्थित सहस्त्रबाहु अर्जुन मंदिर से तीन मुकुट और नवेगांव के साईं मंदिर से दान पेटी व मुकुट चोरी किया गया। हट्टा थाना क्षेत्र के 5-6 मई को सिंगोड़ी के गणेश मंदिर से पीतल के घंटे, 8-9 मई को शीतला माता मंदिर हट्टा से चांदी के छत्र चोरी किए गए। 9-10 मई को मोहझरी के तीन मंदिरों तथा 10-11 मई को बोलेगांव के दुर्गा मंदिर को भी चोरों ने निशाना बनाया। ये सामग्री हुई बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 चांदी के मुकुट, 8 चांदी के छत्र, 2 चांदी की आंख, एक जोड़ी चांदी के कुण्डल, दान पेटी की नगदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लोहे की रॉड सहित करीब 5 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। इन्हें किया गिरफ्तार पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र राज्य के रावनवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम अर्जुनी निवासी राहुल पिता दिनदयाल बिसेन 23 वर्ष, ग्राम शिरपुर निवासी विशाल पिता अमर राहंगडाले और लक्की पिता मचींद्र सावनकर 18 वर्ष को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का किया सम्मान मंदिर चोरी की घटनाओं का खुलासा होने पर मंदिर समितियों के सदस्य, विभिन्न धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, क्षेत्र की महिलाएं, नशा मुक्ति अभियान से जुड़ी महिलाएं, जनप्रतिनिधि सहित स्थानीय लोगों ने पुलिस का स्वागत किया। उपस्थित सभी ने बालाघाट पुलिस की सराहना करते हुए पुलिस टीम का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और उत्कृष्ट कार्य के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। भानेश साकुरे / 14 मई 2026