इन्दौर (ईएमएस) शहर में गहराते जलसंकट को लेकर कांग्रेस का पूर्व प्रस्तावित जोनल घेराव प्रदर्शन और आंदोलन आज नगर निगम के 22 झोनों पर एक साथ होंगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता रहवासियों को साथ लेकर मटके फोड़ेंगे और पानी वितरण में हो रही गड़बड़ियों को रोकने की मांग करेंगे। इस आंदोलन को लेकर कांग्रेस ने बड़ी तैयारियां की हैं। विगत तीन-चार दिनों में रोजाना बैठकें चल रही थी और इसी मुद्दे पर विधानसभावार बैठकें भी आयोजित की गई थी जिसमें प्रदर्शन की रुपरेखा तैयार करने के साथ ही कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी थी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष और निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे के अनुसार एक साथ सभी 22 जोनों पर सुबह आंदोलन किया जाएगा। आम जनता भी साथ होगी। पार्षदों, ब्लॉक अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं के साथ ही कार्यकर्ताओं को भी आंदोलन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चौकसे ने बताया कि ये आंदोलन राजनीति से हटकर शहर हित में है। आनंद पुरोहित/ 14 मई 2026