अंतर्राष्ट्रीय
14-May-2026


लंदन (ईएमएस)। यूरोप के प्रमुख देश ब्रिटेन में बढ़ते यहूदी विरोधी हमलों और नस्लीय तनाव के बीच शाही परिवार के सदस्य प्रिंस हैरी ने गहरी चिंता जताई है। प्रिंस हैरी ने कहा है कि ब्रिटेन एक बेहद चिंताजनक दौर से गुजर रहा है, जहां समाज में यहूदी विरोध, धार्मिक घृणा और नस्लीय विभाजन तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। ब्रिटेन की एक प्रतिष्ठित पत्रिका में प्रकाशित अपने लेख में प्रिंस हैरी ने कहा कि किसी सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और किसी समुदाय के प्रति नफरत, दोनों अलग बातें हैं और इन्हें मिलाना बेहद खतरनाक है। उन्होंने हाल के महीनों में लंदन और मैनचेस्टर में हुई हिंसक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों और समुदाय विशेष को निशाना बनाना सभ्य समाज के लिए गंभीर चेतावनी है। मैनचेस्टर में एक आराधना स्थल पर हुए हमले में 2 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी, जबकि उत्तरी लंदन में दिनदहाड़े 2 लोगों पर चाकू से हमला किया गया था। प्रिंस हैरी ने कहा कि जब गुस्सा किसी समुदाय की ओर मोड़ दिया जाता है, चाहे वह यहूदी हों, मुस्लिम हों या कोई अन्य समुदाय, तब वह न्याय की आवाज नहीं रहती, बल्कि समाज को बांटने वाला जहर बन जाती है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अतीत में उनसे भी गलतियां हुई हैं, लेकिन आज समय की मांग है कि हर तरह की धार्मिक घृणा, नस्लवाद और सामाजिक विभाजन के खिलाफ स्पष्ट और एकजुट आवाज उठाई जाए। प्रिंस हैरी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ब्रिटेन में लगातार बढ़ती सामुदायिक हिंसा को लेकर चिंता गहराती जा रही है। सुबोध/१४-०५-२०२६