साफ सफाई और नदारद स्टाफ पर भड़के हाथरस (ईएमएस)। हाथरस सांसद ने बुधवार देर रात करीब साढे़ नौ बजे सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान सांसद को ओपीडी, महिला वार्ड और एनबीएचयू जैसे संवेदनशील वार्डों से स्टाफ नदारद मिला, जबकि वहां 24 घंटे तैनाती अनिवार्य है। बुधवार की देर शाम जब सांसद सीएचसी सासनी पहुंचे तो वहां मौजूद स्टाफ में खलबली मच गई। सांसद ने पहले दवाओं के रख-रखाव और फिर अभिलेखों का निरीक्षण किया। जहां ड्यूटी रजिस्टर की जांच में एक वार्ड बॉय की अगले दिन की हाजिरी भी पहले से दर्ज मिली। इसे देख सांसद का पारा सातवें आसमान पर चढ गया। उन्होंने मौजूद ड्यूटी इंचार्ज को फटकार लगाई और अग्रिम हाजिरी लगाने का स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने अस्पताल में गंदगी और टूटी बेंचों जैसी अव्यवस्थाओं को देख नाराजगी जताई और मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने तत्काल सीएमओ राजीव राय को फोन कर लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई और व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान सांयकालीन ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक, फार्मासिस्ट एवं अन्य स्टाफ के लोग मौजूद थे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 14 मई 2026