चार महिलाओं के हुए सफल ऑपरेशन --नसबंदी शिविर में चिकित्सा परीक्षण करती चिकित्सक शालिनी शर्मा हाथरस (ईएमएस)। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगरा अलीगढ राजमार्ग स्थित रोडबेज बस स्टैंड के निकट स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक दिवसीय परिवार नियोजन व नसबंदी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से आई महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और परिवार नियोजन के स्थायी साधन को अपनाया। गुरूवार को सीएचसी में लगाए गये शिविर की शुरुआत करते हुए चिकित्साधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को छोटा परिवार, सुखी परिवार के प्रति जागरूक किया। शिविर के दौरान कुल सात महिलाओं ने नसबंदी के लिए अपना पंजीकरण कराया था। स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक जांचों के बाद योग्य पाई गईं चार महिलाओं के नसबंदी ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किए गए। शिविर के मुख्य सर्जन डॉ. राम बिहारी और डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि जनसंख्या नियंत्रण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा इन शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नसबंदी एक सुरक्षित और स्थायी उपाय है, जिसे लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना बेहद जरूरी है।इस अवसर पर महिला चिकित्सक डॉ. शालिनी शर्मा और स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी चतुर सिंह ने महिलाओं को ऑपरेशन के बाद बरती जाने वाली सावधानियों और खान-पान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य कर्मी श्रीमती उमा सेंगर, सीमा, सरिता, प्रेमलता और पुष्पेंद्र कुमार सहित समस्त ब्लॉक स्तरीय स्टाफ का विशेष योगदान रहा। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिया जाता रहेगा ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 14 मई 2026