हाथरस (ईएमएस)। गांव टिकरी कला निवासी एक महिला ने फर्जी वसीयत और फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के जरिए कृषि भूमि हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस से न्याय की गुहार लगाई है। वर्तमान में अहमदाबाद, गुजरात निवासी सुमित्रा बेन पत्नी स्वर्गीय नरेंद्र कुमार ने गांव के ही हरिओम पुत्र ओमपाल के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।प्रार्थना पत्र के अनुसार गाटा संख्या 434 और 444 की भूमि उनके पति नरेंद्र कुमार के नाम दर्ज थी। महिला का आरोप है कि आरोपी कई वर्षों तक खेती का उठान किराया देता रहा, जिससे उन्हें विश्वास था कि जमीन सुरक्षित है। आरोप है कि पिछले दो वर्षों से आरोपी ने पैसे देना बंद कर दिया।पीड़िता के अनुसार 11 मई को जब वह गांव पहुंचीं और खेत के संबंध में जानकारी की, तो आरोपी ने जमीन अपनी बताते हुए उनके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।महिला ने बताया कि तहसील में जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी ने वर्ष 1999 की कथित अपंजीकृत वसीयत के आधार पर जमीन अपने नाम दर्ज करा ली। आरोप है कि इसके लिए नरेंद्र कुमार का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी लगाया गया, जबकि उनकी वास्तविक मृत्यु वर्ष 2000 में अहमदाबाद में हुई थी।पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मुकदमा दर्ज करने तथा दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 14 मई 2026