समीक्षा बैठक में निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन सहित निगम के अन्य अधिकारीगण रहे मौजूद भोपाल (ईएमएस) । महापौर श्रीमती मालती राय ने विधायक भगवानदास सबनानी व निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन की उपस्थिति में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अमृत योजना सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की और जनसुविधा के दृष्टिगत सभी प्रचलित विकास कार्यों की गति और बढ़ाने, अमृत योजना संबंधी कार्याें को बेहतर व सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण कराने, पाईप लाईन आदि डालने के उपरांत निर्धारित मानकों अनुसार रेस्टोरेशन का कार्य कराने व अतिक्रमणों के विरूद्ध और अधिक सख्ती से कार्यवाही करने, स्ट्रीट लाईट की व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित करने, स्वच्छ सर्वेक्षण में भोपाल को नंबर 01 बनाने हेतु और अधिक मुस्तैदी के साथ कार्य करने तथा नागरिकों को भी स्वच्छता की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर आयुक्त वरूण अवस्थी, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग, आर. आर. जरोलिया के अलावा निगम के यांत्रिक, जलकार्य, विद्युत, स्वास्थ्य, अतिक्रमण आदि विभागों के अधिकारी मौजूद थे। महापौर श्रीमती मालती राय ने गुरूवार को विधायक भगवानदास सबनानी व निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन की उपस्थिति में नगर निगम मुख्यालय ‘‘अटल भवन’’ में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत किये जा रहे जनसुविधा एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान विभिन्न यांत्रिक परियोजनाओं के तहत किए जा रहे विकास/निर्माण कार्यों, शिक्षा उपकर की राशि से किये जा रहे कार्यों, अमृत योजना अंतर्गत जलकार्य एवं सीवेज संबंधी कार्य, छट पूजा घाटों, श्मशान घाटों, न्यू मार्केट के सौन्दर्यीकरण, स्वच्छता की गतिविधियांे, अतिक्रमणों के विरूद्ध कार्यवाही आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। महापौर श्रीमती राय ने निर्देशित किया कि शिक्षा उपकर की राशि से किये जाने वाले कार्यों की गति बढ़ाकर निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करायें साथ ही जनसुविधा के दृष्टिगत अमृत योजना सहित अन्य परियोजनाओं के तहत किए जा रहे विकास/निर्माण कार्यों को और अधिक तीव्र गति मानक स्तर की गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने, स्ट्रीट लाईट व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। महापौर श्रीमती राय ने निर्देशित किया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में भोपाल शहर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने हेतु सभी अधिकारी, कर्मचारी और अधिक मुस्तैदी के साथ स्वच्छता संबंधी कार्य संपादित करें और स्वच्छता की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता हेतु नागरिकों को भी प्रेरित करें। विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि न्यू मार्केट के सौन्दर्यीकरण का कार्य व्यवस्थित एवं तीव्र गति से सुनिश्चित किया जाए तथा दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले छट पूजा घाटों, श्मशान घाटों को और अधिक सुव्यवस्थित बनाये जाने हेतु किये जा रहे कार्य शीघ्रता से पूर्ण किये जाएं। श्री सबनानी ने अमृत योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों को निर्धारित मानकों अनुसार तीव्र गति से पूर्ण कराने, अतिक्रमणों के विरूद्ध और अधिक सख्त कार्यवाही करने को भी कहा। ईएमएस/14 मई2026