एयरपोर्ट, सिंहस्थ 2028, कृषि, सिंचाई और यूनिफॉर्म सिविल कोड जैसे मुद्दों पर किया मंथ भोपाल (ईएमएस) ।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को नई दिल्ली में केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों, आधारभूत संरचना, धार्मिक पर्यटन, कृषि, सिंचाई, शहरी विकास और कानून व्यवस्था जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इन बैठकों को मध्यप्रदेश के विकास एजेंडे और आगामी सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केन्द्रीय मंत्री श्री शाह से मुलाकात में नक्सल उन्मूलन और कानून व्यवस्था पर हुई चर्चा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में नक्सल उन्मूलन अभियान की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विशेष रूप से डिंडोरी और बालाघाट क्षेत्रों में सुरक्षा बलों और प्रशासन द्वारा किए जा रहे विकास एवं शांति प्रयासों का उल्लेख किया। बैठक में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा तकनीक आधारित पुलिसिंग पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह को बालाघाट दौरे का निमंत्रण भी दिया। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में राज्य की पहल को सकारात्मक बताया। उज्जैन एयरपोर्ट और धार्मिक पर्यटन पर केंद्रित रही उड्डयन मंत्री से चर्चा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री एन राजू राम मोहन नायडू से मुलाकात कर उज्जैन एयरपोर्ट परियोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महाकाल लोक और उज्जैन में धार्मिक पर्यटन के तेजी से बढ़ते दायरे को देखते हुए एयर कनेक्टिविटी का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने एयरपोर्ट परियोजना के भूमि-पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री को औपचारिक निमंत्रण भी दिया। उज्जैन-इंदौर मेट्रोपॉलिटिन प्लानिंग अथॉरिटी पर की चर्चा बैठक में उज्जैन-इंदौर मेट्रोपॉलिटन प्लानिंग अथॉरिटी के स्वरूप, क्षेत्रीय विकास और इंदौर-उज्जैन कॉरिडोर में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे एयर इंफ्रास्ट्रक्चर, नए एयर रूट्स और पर्यटन आधारित विकास मॉडल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है। सिंहस्थ: 2028 और स्मार्ट सिटी विजन पर केन्द्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल से की चर्चा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल से मुलाकात कर सिंहस्थ: 2028 की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ को विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए राज्य सरकार अभी से अधोसंरचना विकास, शहरी विस्तार और यातायात प्रबंधन पर काम कर रही है। केन्द्रीय मंत्री के साथ हुई बैठक में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, नगरीय अधोसंरचना, स्वच्छता मिशन और आधुनिक शहरी नियोजन पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर-उज्जैन और भोपाल मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी के गठन और उनकी कार्य योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में मेट्रोपॉलिटन आधारित विकास मॉडल तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना में मध्यप्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश ने गरीबों को आवास उपलब्ध कराने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया गया है। साथ ही स्वच्छता और नगरीय विकास में केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। कृषि, सिंचाई और ऊर्जा परियोजनाओं पर जल शक्ति मंत्री श्री पाटील के साथ हुई अहम बैठक मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सीआर पाटील से मुलाकात कर प्रदेश में गेहूं खरीदी, सिंचाई परियोजनाओं और जल संरक्षण को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्र सरकार से गेहूं खरीदी लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में इस वर्ष रिकॉर्ड उत्पादन हुआ है और 75 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदी की जा चुकी है। केन्द्रीय मंत्री के साथ हुई बैठक में प्रधानमंत्री कुसुम योजना, सौर ऊर्जा विस्तार और किसानों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दावा किया कि मध्यप्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है जहां किसानों को सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा फूड प्रोसेसिंग, वेयरहाउसिंग और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए नई परियोजनाओं पर भी मंथन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री श्री पाटील के बीच बेतवा-पार्वती-कालीसिंध लिंक परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही जल संरक्षण, सिंचाई विस्तार और नदी पुनर्जीवन अभियान को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। यूनिफॉर्म सिविल कोड की प्रक्रिया हुई शुरू मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से चर्चा में यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर कहा कि मध्यप्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की दिशा में प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि इसके लिए समिति का गठन किया जा चुका है और समिति की प्रारंभिक बैठक भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों, समाजों और संबंधित पक्षों से सुझाव प्राप्त करेगी। व्यापक संवाद और सुझावों के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक समरसता और संवैधानिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ेगी।