जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 2.1 किलोग्राम गांजा और नगदी राशि बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई प्रभारी एसपी निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि भोजपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास एक महिला अवैध रूप से गांजा बिक्री कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। महिला गैस एजेंसी के पीछे काले बैग के साथ खड़ी थी। पूछताछ में उसने अपना नाम मोंगरा बाई, निवासी ग्राम पिसौद, थाना जांजगीर बताया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके बैग से 2.1 किलोग्राम गांजा और 450 रुपए नकद बरामद किए। जब्त गांजे की बाजार कीमत लगभग 1 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 234/26 दर्ज करते हुए NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इससे पहले भी चांपा पुलिस नशीली कफ सिरप, अवैध कच्ची महुआ शराब और देशी शराब के मामलों में कई आरोपियों पर कार्रवाई कर चुकी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 मई 2026