राष्ट्रीय
15-May-2026


विदेश यात्राओं के लिए पहले से दी गई मंजूरियां भी रद्द कर दी गई पणजी,(ईएमएस)। गोवा सरकार ने विदेशी मुद्रा के संरक्षण की जरुरत को देखते हुए सरकारी खजाने से वित्त पोषित होने वाली लोक सेवकों की सभी आधिकारिक विदेश यात्राओं पर गुरुवार को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। राज्य के वित्त विभाग द्वारा जारी ज्ञापन में कहा गया है कि यह फैसला पीएम मोदी द्वारा हाल ही में की गई अपील के बाद लिया गया। अवर सचिव नरेश गौड़ द्वारा जारी ज्ञापन में कहा गया है कि आधिकारिक विदेश यात्राओं के लिए पहले से दी गई मंजूरियां भी रद्द कर दी गई हैं। वित्त विभाग ने ज्ञापन में कहा है कि ये पाबंदियां वैश्विक हालात और विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने के मकसद से लगाई गई हैं। यह आदेश अगले निर्देश तक लागू रहेगा। एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि कुछ विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कभी-कभी मंत्री भी स्टडी टूर के लिए विदेश जाते हैं, लेकिन पर्यटन विभाग का खर्च ज़्यादा होता है, क्योंकि रोड शो और ट्रैवल मार्ट में उसकी भागीदारी ज़रूरी होती है। साल 2025-26 में, गोवा पर्यटन विभाग ने मस्कट, दुबई, डेनमार्क, नॉर्वे, उज़्बेकिस्तान, रूस, सिंगापुर, लंदन, बहरीन और मलेशिया में कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। एक अधिकारी ने बताया कि विदेश यात्रा पर लगी रोक के चलते जब तक यह आदेश वापस नहीं ले लिया जाता, तब तक विभाग विदेशी बाज़ारों में अपनी मार्केटिंग योजनाओं को लागू नहीं कर पाएगा। इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि अगले एक साल तक दिल्ली सरकार का कोई भी मंत्री या अधिकारी विदेश यात्रा नहीं करेगा। यह कदम पीएम मोदी की अपील के बाद, मौजूदा राष्ट्रीय हालात को देखते हुए, विदेशी मुद्रा और ईंधन बचाने के उपायों की एक श्रृंखला के तहत उठाया गया है। गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार अगले 90 दिनों के लिए राजधानी में मेरा भारत मेरा योगदान अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए दो स्तरों पर उपाय तैयार किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक सीएम रेखा ने घोषणा की कि सरकारी कर्मचारी—उन कर्मचारियों को छोड़कर जो आवश्यक सेवाओं और जनता से सीधे जुड़े कामों में लगे हैं हर हफ़्ते दो दिन वर्क फ्रॉम होम करेंगे। दिल्ली सरकार निजी कंपनियों के लिए भी एक एडवाइज़री जारी करेगी ताकि वे भी इसी तरह की व्यवस्था अपना सकें। अब भारत की ट्रैवल इंडस्ट्री को डर है कि पीएम मोदी की जरुरी विदेश यात्रा से बचने की अपील से नई बुकिंग पर असर पड़ेगा। इंडस्ट्री और एनालिस्ट्स का कहना है कि महंगाई के दबाव के कारण गर्मियों में विदेश यात्रा की पूछताछ में पहले ही 15फीसदी तक की कमी आ चुकी है। इंडियन एसोसिएशन ऑफ़ टूर ऑपरेटर्स के प्रेसिडेंट ने कहा कि पीएम मोदी की बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है, और लोग कभी-कभी उनकी सलाह को बहुत गंभीरता से लेते हैं...हो सकता है कि वे अपनी यात्रा अगले साल के लिए टाल दें। इस एसोसिएशन में 2,000 से ज़्यादा सदस्य हैं। हमने इस गर्मियों के सीज़न के लिए पूछताछ या बिज़नेस में 10फीसदी से 15फीसदी की कमी देखी थी। यात्रा में यह गिरावट ऐसे समय में हो रही है जब दुनिया भर में महंगाई बढ़ रही है। कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर है। बता दें पीएम मोदी ने लोगों से एक साल के लिए ईंधन की खपत और सोने के गहनों की खरीदारी में कमी लाने की भी अपील की। ​​इसका मकसद खाड़ी संकट के दौरान भारत के करीब 1 ट्रिलियन डॉलर के आयात बिल को कम करना है। सिराज/ईएमएस 15मई26