राज्य
15-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में डीएमआरसी ने हाइड्रोजन से चलने वाली शटल बस सेवा शुरू की है। इंडियन ऑयल की ओर से उपलब्ध कराई गई इन मॉडर्न बसों में जीपीएस और सीसीटीवी जैसी सुविधाएं दी गई हैं। यह सेवा केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन के बीच चलेगी। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी की खबरों के बीच केंद्र सरकार ने सड़कों पर पानी से चलने वाली बस उतार दी है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि ये बस न तो पेट्रोल से चलती है और न ही डीजल और गैस से, ये बस चलती है हाइड्रोजन से। दरअसल, हाइड्रोजन बसें हाइड्रोजन फ्यूल सेल से चलने वाली एक प्रकार की इलेक्ट्रिक बस हैं, जो हाइड्रोजन फ्यूल सेल का इस्तेमाल करके बस के अंदर ही बिजली पैदा करती हैं। डीएमआरसी ने आज से सड़क पर हाइड्रोजन से चलने वाली बसों को फीडर बस के तौर पर उतार दिया है। इससे पहले ये हाइड्रोजन बसें ट्रायल के तौर पर ही चल रही थीं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/ मई/2026