नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में गैंगरेप की घटना पर आप नेता सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि चलती बस में युवती के साथ गैंगरेप हुआ, उसके बाद पुलिस ने मीडिया को जानकारी देने में देरी की। दिल्ली में कथित गैंगरेप की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार और दिल्ली पुलिस पर तीखा हमला बोला है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि चलती बस में युवती के साथ गैंगरेप जैसी गंभीर घटना होने के बावजूद दिल्ली पुलिस ने मीडिया को जानकारी देने में देरी की। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस घटना को दो दिनों तक छिपाने की जरूरत क्यों पड़ी। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राजधानी के मध्य इलाके रानी बाग के आसपास एक बस करीब दो घंटे तक घूमती रही, जिसमें कथित तौर पर ड्राइवर और कंडक्टर ने युवती के साथ गैंगरेप किया। आरोप है कि वारदात के बाद पीड़िता को सड़क पर फेंक दिया गया। उन्होंने कहा कि यह घटना दिल्ली की कानून व्यवस्था पर बेहद गंभीर सवाल खड़े करती है। आप नेता ने दिल्ली पुलिस पर सीधे सवाल दागते हुए पूछा कि मीडिया को सूचना देर से देने के पीछे क्या वजह थी। उन्होंने कहा कि क्या पुलिस पहले मामले को दबाने, पीड़िता पर दबाव बनाने या फिर आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद ही जानकारी सार्वजनिक करना चाहती थी। भारद्वाज ने कहा कि इस तरह की घटनाओं में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/ मई/2026