जिला प्रशासन ने की सतर्कता की अपील जबलपुर (ईएमएस)। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों को व्हाट्सएप पर प्रसारित हो रहे एक नए साइबर खतरे आरटीओ चलान फाइल को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। वर्तमान में विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों और व्यक्तिगत संदेशों के माध्यम से आरटीओ चलान(व्ही2). एपीके नाम की एक संदिग्ध फाइल तेजी से भेजी जा रही है। यह वास्तव में एक मालवेयर डिलीवरी अटैक है, जिसमें हमलावर सरकारी दस्तावेजों या आरटीओ चालान के नाम का सहारा लेकर लोगों के मोबाइल फोन का एक्सेस हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिज्ञासावश इस फाइल को डाउनलोड करना आपके डिवाइस और व्यक्तिगत डेटा को पूरी तरह असुरक्षित बना सकता है, क्योंकि यह सॉफ्टवेयर बिना किसी ओटीपी या लॉगिन के आपके फोन का कंट्रोल हैकर्स को सौंपने में सक्षम है। इस खतरे से सुरक्षा के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान नंबर से आए संदेशों पर भरोसा न करें और अपने व्हाट्सएप की सेटिंग्स में जाकर मीडिया ऑटो-डाउनलोड विकल्प को तुरंत बंद कर दें। यदि किसी यूजर को किसी अनजान नंबर से क्या आप इस व्यक्ति को जानते हैं? या आपका चालान कट गया है जैसे संदेशों के साथ कोई फाइल प्राप्त होती है, तो उसे तुरंत हटा दें। सुरक्षा के लिए अपने मोबाइल को हमेशा अपडेट रखें और टू-स्टेप वेरिफिकेशन इनेबल करना सुनिश्चित करें। प्रशासन ने जोर देकर कहा है कि इस डिजिटल खतरे से बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है, अतः किसी भी संदिग्ध फाइल को डाउनलोड न करें और साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचित करें। सुनील साहू / मोनिका / 15 मई 2026 / 06.25