रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना पुलिस ने लूट की घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कमल विहार क्षेत्र में टाइल्स खरीदने आए युवक और उसके दोस्त के साथ मारपीट कर नगदी लूट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 2500 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी लक्की ठाकुर ने 13 मई 2026 को थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 मई को दोपहर करीब 12:15 बजे वह अपने दोस्त दिलीप पटेल के साथ मोटरसाइकिल से कमल विहार टाइल्स खरीदने गया था। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी और पैसों की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों को बुलाकर प्रार्थी एवं उसके दोस्त के साथ हाथ-मुक्कों और प्लास्टिक पाइप से मारपीट की तथा जेब में रखे 15,350 रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 416/2026 के तहत धारा 281 एवं 309(6) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटित के निर्देशन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में आरिफ सिद्धिकी उर्फ सोनू 26 वर्ष, अभिषेक साहू 22 वर्ष एवं खिलेश नागरची उर्फ साहिल 20 वर्ष शामिल हैं। सभी आरोपी रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 2500 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 NK 5343, जिसकी कीमत लगभग 45 हजार रुपये है, जब्त की है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/15 मई 2026