क्षेत्रीय
15-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में जब्त प्रतिबंधित मादक पदार्थों का गुरुवार को विधिसम्मत नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों एवं केंद्र सरकार, गृह मंत्रालय तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुई। नष्टीकरण की कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी रायपुर द्वारा सिलतरा स्थित जायसवाल निको कंपनी के पावर प्लांट में की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम काम्बले, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर, उपायुक्त आबकारी राजेश कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, थाना प्रभारी खम्हारडीह मानसी नानाभाउ साकोरे, थाना प्रभारी उरला निरीक्षक रोहित मालेकर एवं थाना प्रभारी गुढ़ियारी निरीक्षक बी.एल. चन्द्राकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यवाही के दौरान नॉर्थ जोन क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 52 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया। इसमें 272.027 किलोग्राम गांजा, 2.150 किलोग्राम डोडा, 484.49 ग्राम अफीम, 37.839 ग्राम हेरोइन, 5036 नग टैबलेट/कैप्सूल तथा 545 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप शामिल रही। जनसामान्य की सुरक्षा एवं पर्यावरणीय मानकों को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण विभाग से अनुमति प्राप्त करने के बाद सभी मादक पदार्थों को पावर प्लांट की भट्ठी/फर्नेस में जलाकर नष्ट किया गया। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/15 मई 2026