बीजिंग,(ईएमएस)। पाकिस्तान ने चीन के पूंजी बाजार में अपना पहला पांडा बॉन्ड जारी कर 25 करोड़ अमेरिकी डॉलर सफलतापूर्वक जुटाए हैं। इस कदम के साथ ही पाकिस्तान ने चीनी पूंजी बाजार में प्रवेश किया है। पांडा बॉन्ड चीनी रेनमिन्बी (आरएमबी) में किसी विदेशी इकाई, जैसे संप्रभु सरकार या अंतरराष्ट्रीय संगठन, द्वारा चीन के घरेलू पूंजी बाजार में सीधे बेचा जाने वाला ऋण साधन है। वित्त मंत्री के सलाहकार खुर्रम शहजाद ने बताया कि इस बॉन्ड पर 2.5 प्रतिशत की ब्याज दर की पेशकश की गई है और इसकी परिपक्वता अवधि तीन वर्ष है। उन्होंने बताया कि यह चीन के विदेशी पूंजी बाजार में पाकिस्तान का पहला आरएमबी-मूल्यांकित संप्रभु निर्गम है, जो एक स्थिर ब्याज दर वाला साधन है। हाल ही में, पाकिस्तान ने 75 करोड़ अमेरिकी डॉलर जुटाने के लिए ‘यूरोबॉन्ड’ भी जारी किया था। इसके अतिरिक्त, उसने सऊदी अरब से जमा के रूप में तीन अरब अमेरिकी डॉलर प्राप्त किए और संयुक्त अरब अमीरात को 3.4 अरब अमेरिकी डॉलर लौटाए। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से भी पाकिस्तान को दो मौजूदा ऋण सुविधाओं के तहत 1.3 अरब अमेरिकी डॉलर मिले हैं। शहजाद ने इस पांडा बॉन्ड निर्गम को केवल एक वित्तीय लेनदेन से कहीं अधिक महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, यह चीन के पूंजी बाजार में पाकिस्तान के प्रवेश को दर्शाता है और दोनों देशों के बीच वित्तीय सहयोग को मजबूती देता है। उन्होंने जोर दिया कि पांडा बॉन्ड की सफलता वैश्विक निवेशकों को यह सशक्त संकेत देती है कि पाकिस्तान की आर्थिक सुधार प्रक्रिया को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिल रही है। इस निर्गम को एशियाई विकास बैंक (एडीबी) और एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी) का भी समर्थन प्राप्त है। आशीष दुबे / 15 मई 2026