अंतर्राष्ट्रीय
15-May-2026


बीजिंग,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने चीन दौरे के तीसरे दिन चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बीजिंग स्थित ऐतिहासिक टैंपल ऑफ हेवन का दौरा किया। इस मौके पर ट्रम्प के बेटे एरिक ट्रम्प और बहू लारा भी उनके साथ मौजूद थे। मंदिर परिसर के अवलोकन के बाद, दोनों नेताओं ने कई अहम द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। इससे पहले, चीन ने बुधवार शाम को ट्रम्प के सम्मान में एक भव्य राजकीय रात्रिभोज का आयोजन किया था, जहाँ पारंपरिक चीनी व्यंजनों और विशेष मेहमाननवाजी का प्रदर्शन किया गया। राजकीय भोज में चीन की विश्व प्रसिद्ध बीजिंग रोस्ट डक प्रमुख व्यंजन के तौर पर परोसी गई। इसके साथ ही बीफ रिब्स भी मेन्यू का हिस्सा थे। ट्रम्प की अच्छी तरह पके मांस की पसंद को ध्यान में रखते हुए, ये व्यंजन विशेष रूप से शामिल किए गए थे। मिठाई के रूप में तिरमीसू, आइसक्रीम, ताजे फल और शंख के आकार की खास पेस्ट्री मेहमानों को परोसी गई। इस भोज के जरिए चीन ने अपनी समृद्ध संस्कृति और मेहमाननवाजी का भव्य प्रदर्शन किया। ट्रम्प के दौरे के दौरान, अमेरिकी मीडिया चैनल के पत्रकार बीजिंग की सड़कों पर भारी संख्या में लगे सीसीटीवी कैमरों को देखकर हैरान हुए। रिपोर्ट्स के अनुसार, राजधानी की प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और बाजारों में हर जगह निगरानी कैमरे दिखाई दिए। अमेरिकी पत्रकारों ने चीन की इस उच्च-तकनीकी निगरानी प्रणाली और सुरक्षा प्रबंधन पर भी चर्चा की। चीन का यह व्यापक डिजिटल सर्विलांस नेटवर्क लंबे समय से वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय रहा है। ट्रम्प और जिनपिंग की यह मुलाकात अमेरिका-चीन संबंधों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक, सुरक्षा और वैश्विक आर्थिक मुद्दों पर लंबे समय से गहरे मतभेद बने हुए हैं। इसके बाद इस दौरे को दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने के एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। आशीष दुबे / 15 मई 2026