खरगोन (ईएमएस)। कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदना की सनावद थाना पुलिस ने एक उत्कृष्ट मिसाल पेश की है। गश्त के दौरान सड़क पर लावारिस मिला लाखों रुपये के आभूषणों से भरा बैग सुरक्षित उसके असली मालिक को लौटा दिया है। मालिक की पहचान की पुष्टि के बाद यह सारा कीमती सामान उन्हें सौंप दिया। पुलिस की इस ईमानदारी एवं जनसेवा के भाव को समूचे नगरवासियों ने सराहना की है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार भ्रमण के दौरान त्रिकोण क्षेत्र के पास एक सुनसान स्थान पर संदिग्ध अवस्था में एक बैग मिला। पुलिस टीम ने बैग को खोलकर चेक किया तो उसमें, मेडिकल फाइल व सोने के आभूषण मिले। जिसमें सोने का हार, एक अंगूठी एवं चार कान की बालियां जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये थी। पुलिस टीम ने उपचार संबंधी मेडिकल फाइल के आधार पर बैग के वास्तविक मालिक की तलाश की। इसके बाद टीम रामचन्द्र आदिवाल निवासी खण्डवा रोड़ सनावद तक पहुंची। पुष्टि के बाद सोने के आभूषण, ए दस्तावेज एवं बैग सुपुर्द किए। बेग मालिक आदिवाल ने बताया कि उनकी पत्नी गूंजा आदिवाल की तबीयत खराब होने के कारण वो इंदौर जा रहे थे तभी जल्दबाजी में बैग वहीं छूट गया था। आलीवाली ने पुलिस की ईमानदारी एवं तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। ईएमएस / 15/05/2026