क्षेत्रीय
15-May-2026
...


- पहली बैठक में मांगी लंबित परियोजनाओं की रिपोर्ट जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन ने कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में काम शुरू कर दिया है। पद एवं शपथ ग्रहण के बाद शुक्रवार को पहली बार जेडीए कार्यालय पहुंचे अध्यक्ष ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की और लंबित परियोजनाओं की रिपोर्ट तलब कर ली। कार्यालय पहुंचने पर जेडीए के सीईओ दीपक वैद्य ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। इस दौरान उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी भी मौजूद रहे। लंबे समय बाद जेडीए में अध्यक्ष पद की सक्रिय वापसी से कार्यालय का माहौल भी बदला हुआ नजर आया। पहली औपचारिक बैठक में अध्यक्ष संदीप जैन ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जेडीए की कार्यप्रणाली को समझने का प्रयास किया। बैठक में शहर में चल रही विकास योजनाओं, अधूरे प्रोजेक्ट्स और लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के कार्यों की जानकारी अध्यक्ष को दी। शहर विकास प्राथमिकता …….. बैठक के दौरान संदीप जैन ने स्पष्ट कहा कि शहर का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर से जुड़े जितने भी लंबित विकास कार्य हैं, उनकी विस्तृत सूची तैयार कर जल्द प्रस्तुत की जाए। अध्यक्ष ने उन परियोजनाओं की भी जानकारी मांगी जिनमें लंबे समय से देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि अधूरी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में जेडीए की कार्यप्रणाली में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। प्राधिकरण अब अटकी परियोजनाओं को गति देने, विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने और शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर फोकस करेगा। सुनील साहू / शहबाज/ 15 मई 2026 / 07.00