क्षेत्रीय
15-May-2026
...


भोपाल (ईएमएस) । भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा द्वारा संचालित रेडक्रॉस सेवा सप्ताह के अंतर्गत आज आरकेडीएफ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, भोपाल में आयोजित 7 दिवसीय यूथ रेडक्रॉस कार्यक्रम का समापन सेवा सम्मान समारोह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, मध्यप्रदेश राज्य शाखा के जनरल सेक्रेटरी रामेंद्र सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. विजय अग्रवाल, कुल सचिव डॉ. सत्येंद्र एस. ठाकुर एवं प्राचार्य डॉ. अनूप कात्यायन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया मुख्य अतिथि रामेंद्र सिंह ने छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों को संबोधित करते हुए रेडक्रॉस की सेवा गतिविधियों, मानवता के कार्यों एवं यूथ रेडक्रॉस की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं की सहभागिता से समाज में सेवा, जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने पंच प्रण, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति एवं वृक्षारोपण जैसे सामाजिक विषयों पर विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने 7 दिवसीय यूथ रेडक्रॉस कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मुख्य अतिथि द्वारा सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं तथा आरकेडीएफ विश्वविद्यालय परिवार से भविष्य में भी रेडक्रॉस एवं सामाजिक सेवा गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपेक्षा व्यक्त की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।